देहरादून : नगर निगम प्रशासन द्वारा कार्यालय परिसर में अनुशासनहीनता और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए आउटसोर्सिंग एजेंसी (आर. के. एसोसिएशन) के कर्मी उपेन्द्र थापा को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है।
बताते चले की उक्त कर्मी मूल रूप से रिकॉर्ड रूम में तैनात था, जिसकी ड्यूटी अभी हाल ही में एस.आई.आर. (SIR) में लगाई गई थी। इनके संबंध में पूर्व में भी लगातार बिना सूचना कार्य से अनुपस्थित रहने और घोर लापरवाही बरतने की गंभीर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
आज उक्त कर्मी उपेन्द्र थापा ने पूरी तरह शराब के नशे में धुत होकर सीधे सहायक नगर आयुक्त के कार्यालय कक्ष में प्रवेश किया और उनके साथ अभद्र व्यवहार(बदतमीजी) किया तथा शासकीय कार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न की।
नगर आयुक्त का त्वरित एक्शन
अधिकारी के साथ हुए इस घोर अमर्यादित व्यवहार और अनुशासनहीनता के मामले को गंभीरता से लेते हुए माननीय नगर आयुक्त महोदय द्वारा त्वरित कड़ा रुख अपनाया गया और उक्त अनुशासनहीन कर्मी को तत्काल प्रभाव से हटाए जाने हेतु अपना अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय अनुशासन और अधिकारियों व कर्मचारियों की गरिमा से किसी भी परिस्थिति में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
