देहरादून। राजधानी देहरादून में स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से अनैतिक देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और रायपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सहस्त्रधारा रोड स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर इस गतिविधि का खुलासा किया। पुलिस ने मौके से देह व्यापार संचालित करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आपत्तिजनक सामग्री के साथ 3,740 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सूचना मिली थी कि टचवुड स्कूल के पास स्थित सनराइज स्पा सेंटर में ग्राहकों को स्पेशल सर्विस देने के नाम पर अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और रायपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर में अचानक छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। तलाशी के दौरान मौके से आपत्तिजनक सामग्री और 3,740 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर स्पा सेंटर में कथित रूप से देह व्यापार का संचालन कर रही महिला को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान वकिला पुत्री गुलाम रसूल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से देहरादून के बंजारावाला कारगी क्षेत्र में आईएसबीटी के पास मुस्कान होटल की निवासी बताई गई है। वर्तमान में उसका पता दून कॉलोनी, माजरा क्षेत्र बताया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार महिला के खिलाफ रायपुर थाने में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी देहरादून ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने और उनमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत पुलिस लगातार छापेमारी और जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के निरीक्षक राकेन्द्र कठैत, महिला उपनिरीक्षक कल्पना पांडेय, हेड कांस्टेबल रचना डोभाल तथा कांस्टेबल आशीष चौहान, प्रदीप सिंह और देवेंद्र सिंह शामिल रहे।


